सुल्तानपुर। विधिक सेवा दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर तहसील के सभागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित हुआ। सचिव एडीजे विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रत्येक वर्ष नौ नवंबर को विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य है कि सभी नागरिकों को उचित और निष्पक्ष न्याय प्रक्रिया सुनिश्चित हो।
कहा कि प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को निशुल्क और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। प्राधिकरण के डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल नागेंद्र सिंह ने कहा कि विधि क्षेत्र का ज्ञान समाज के निचले पायदान तक होना जरूरी है। असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंजली कुमारी ने कहा कि विधिक सेवा दिवस मनाने का आशय सभी को कानूनी जानकारी देना है। मध्यस्थ हरीराम सरोज ने कहा कि छोटे-छोटे मामले जिला न्यायालय से लेकर प्रशासन के अदालतों तक चल रहे हैं, जिन्हें कम करने के लिए सुलह समझौता के जरिए निपटारा किया जा सकता है।
परिवार न्यायालय के मध्यस्थ सतीश पांडेय ने कहा कि विधिक सेवा दिवस पर हम सभी संकल्प लें कि समाज में वृद्ध, बच्चे, महिलाओं व अन्य को निशुल्क न्याय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कैसे दिलाया जा रहा है, इसकी जानकारी जन मानस को दी जाए।
इस अवसर पर नीतू यादव, नायब तहसीलदार मनोज शुक्ला, पैरालीगल वालेंटियर योगेश यादव, सर्वेश सिंह, कृष्ण कुमार उपाध्याय, सोनी, पूनम गौतम आदि मौजूद रहे।