सुल्तानपुर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 116 केंद्र बनाए गए हैं। छात्राओं वाले महाविद्यालयों को स्वकेंद्र की सुविधा प्रदान की गई है। वहीं, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के छात्रों को दूसरे परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के लिए आवंटित किया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मुताबिक पहली बार स्नातक स्तर पर सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 20 जनवरी से प्रस्तावित थी। कोविड-19 के बढ़ते केस के मद्देनजर परीक्षा टाल दी गई थी। अब फिर से डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने परीक्षा की तिथियां घोषित की हैं। 14 मार्च से नौ अप्रैल तक सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
सेमेस्टर परीक्षा के लिए सुल्तानपुर व अमेठी के 116 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है। सहायता प्राप्त और राजकीय डिग्री कॉलेजों को स्वकेंद्र की सुविधा दी गई है। वहीं, जिन महाविद्यालयों में सिर्फ छात्राएं ही अध्ययनरत हैं, उन्हें भी स्वकेंद्र की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अलावा स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को भी स्वकेंद्र की सुविधा मिली है। स्ववित्तपोषित महाविद्यालय के छात्रों को अलग महाविद्यालयों में आवंटित किया गया है।
दोनों जिलों में कई स्ववित्तपोषित महाविद्यालय ऐसे भी हैं जो परीक्षा केंद्र बनने से चूक गए हैं। परीक्षा नियंत्रक उमानाथ सिंह ने बताया कि केंद्रों की सूची महाविद्यालयों को भेज दी गई है। सेमेस्टर परीक्षा कोविड-19 की गाइडलाइन के मुताबिक कराने का निर्देश दिया गया है।
सुल्तानपुर व अमेठी में सात सहायता प्राप्त व दो राजकीय महाविद्यालय को स्वकेंद्र की सुविधा देते हुए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एडेड महाविद्यालयों में स्वकेंद्र के अलावा अन्य कॉलेजों के भी परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं।
कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान में महात्मा गांधी स्मारक महाविद्यालय कूरेभार के छात्र आवंटित किए गए हैं। गनपत सहाय पीजी कॉलेज में आचार्य विनोबा भावे स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रेमनगर छीड़ा, राजर्षि आसलदेव महाविद्यालय पीपरपुर, स्पर्श महाविद्यालय सकरा रामनगर अमेठी, पंडित गजराज शुक्ला महाविद्यालय चंदेलेपुर के विद्यार्थी आवंटित किए गए हैं।
राणा प्रताप पीजी कॉलेज मे रिवॉर्ड महाविद्यालय हनुमानगंज व भाग्यवती महिला महाविद्यालय मुरारपुर हनुमानगंज के विद्यार्थियों को आवंटित किया गया है। आरआरपीजी कॉलेज अमेठी में ब्रजराज सहोदरा महाविद्यालय पूरे पहाड़ सिंह विशेश्वरगंज सुल्तानपुर के विद्यार्थी भी परीक्षा देंगे। इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज में महर्षि शांडिल्य प्रशिक्षण संस्थान जगदीशपुर गौरीगंज, डॉ. लालजी त्रिपाठी महाविद्यालय पठानपुर, पंकज महेश्वरी स्मृति महाविद्यालय चकतहिरपुर के विद्यार्थियों को आवंटित किया गया है।
संजय गांधी पीजी कॉलेज चौकिया में बाबा बरियार शाह महाविद्यालय भरखरे के विद्यार्थी आवंटित किए गए हैं। संत तुलसीदास पीजी कॉलेज कादीपुर में श्री बालाजी डिग्री कॉलेज बांसगांव जयसिंहपुर, कलावती गर्ल्स पीजी कॉलेज शिवमूर्ति नगर, शाहपुर लपटा, श्री गणपति महाविद्यालय सलाहपुर कादीपुर के विद्यार्थी आवंटित किए गए हैं। राजकीय महाविद्यालय कटराचुग्घूपुर तथा राजकीय महाविद्यालय मुसाफिरखाना में सिर्फ उनके ही विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष तथा परास्नातक कक्षाओं की बैक पेपर की परीक्षा का आयोजन भी 14 मार्च से होगा। परीक्षाएं छह दिन में समाप्त की जाएंगी। 14, 15, 21, 22, 23 और 24 मार्च को बैक पेपर परीक्षाओं का आयोजन होगा। परीक्षा नियंत्रक उमानाथ सिंह ने बैक पेपर परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है।