सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से भेजे गए छह अभ्यर्थियों को फिर से राजसिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बेलहरी में ही ज्वॉइनिंग करना होगी। अभ्यर्थियों की तरफ से किसी दूसरे विद्यालय में समायोजन के आवेदन को चयन बोर्ड ने निरस्त करते हुए आवंटित संस्था में ही यथावत बने रहने का निर्देश दिया है।
चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक व प्रवक्ता के पदों पर अनिल कुमार मौर्य, विकास चंद्र तिवारी, राकेश कुमार गौर, अरविंद कुमार प्रजापति, अभिमन कुमार यादव व रजनीश कुमार सिंह को चयनित कर राजसिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बेलहरी में भेजा था। भेजे गए अभ्यर्थियों के सापेक्ष पहले से ही तदर्थ शिक्षक कार्यरत होने की वजह से प्रबंधतंत्र ने शिक्षकों को ज्वॉइन नहीं कराया।
शासन ने समायोजन के लिए तदर्थ शिक्षकों के सापेक्ष आवंटित शिक्षकों की सूची मांगी थी। इसमें इन छह शिक्षकों का भी नाम जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेजा गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि प्रबंधतंत्र की ओर से ज्वॉइनिंग नहीं कराए जाने पर जिला मुख्यालय से सीधे ज्वॉइनिंग लेटर दिया जाएगा।