सुल्तानपुर। भीषण गर्मी और लू के मद्देनजर जिले के कक्षा आठ तक के विद्यालय सोमवार से सुबह आठ बजे से संचालित होंगे। 12 बजे विद्यालयों में बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। इसके बाद दो बजे तक विद्यालय में शिक्षक अपना काम निपटाते रहेंगे।
जिले में हो रही भीषण गर्मी व लू को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने रविवार की शाम आदेश जारी करते हुए कक्षा एक से आठ तक के मान्यता प्राप्त, एडेड समेत बेसिक के सभी विद्यालयों को सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक संचालित करने का निर्देश दिया है। इसमें 10 से साढ़े 10 बजे तक भोजनावकाश का समय निर्धारित किया है। दोपहर 12 बजे छात्रों की छुट्टी करने के बाद शिक्षकों को अपना कामकाज निपटाने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, गर्मी से बच्चों के बचाव के लिए डीएम ने स्कूलों में ओआरएस पैकेट, शुद्ध पेयजल व आवश्यक दवाओं का पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन ने बताया कि सोमवार से आदेश प्रभावी होगा। बच्चों को गर्मी से बचाव के प्रति विद्यालयों में जागरूक भी किया जाएगा।