फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन के चौथे सोमवार को शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। सावन के चौथे सोमवार को शहर समेत ग्रामीण अंचल के शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं के दिनभर हर-हर महादेव के उद्घोष से शिव मंदिर गुंजायमान रहे। शहर व ग्रामीणांचल के शिवालयों में लोगों ने दूध व गंगा जल से जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से मन्नतें मांगी। जगह-जगह महारुद्राभिषेक का कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कोविड-19 की वजह से इस बार शिवभक्तों ने घर पर ही रुद्राभिषेक कराया।
विज्ञापन

सावन माह के चौथे सोमवार को शिवालयों में दिनभर जलाभिषेक का कार्यक्रम हुआ। शहर के सीताकुंड स्थित पारिजात वृक्ष के पास भोर से ही महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। दिन भर यहां पूजापाठ का सिलसिला चलता रहा। शहर के अन्य शिवालयों व मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना का कार्यक्रम हुआ। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के मद्देनजर इस बार शहर में सार्वजनिक स्थानों पर महारुद्राभिषेक का आयोजन नहीं हो सका। शहर के लोगों ने वेदों व पुराणों के विद्वानों से घर पर ही रुद्राभिषेक का कार्यक्रम संपन्न कराया।
वहीं ग्रामीण अंचल के शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक का आयोजन किया। दूबेपुर विकासखंड क्षेत्र के रामापुर गांव में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। मुख्य यजमान प्रशांत द्विवेदी को पंडित वेदप्रकाश मिश्र ने रुद्राभिषेक कराया। इसके बाद हवन-पूजन हुआ। ग्रामीणों ने हवन कुंड में आहुति डालकर कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की। शिवालयों पर महिलाओं ने दूध व गंगा जल चढ़ाकर भगवान शिव से अखंड सुहाग एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
विज्ञापन

महिलाओं ने जलाभिषेक कर मांगी मनौती
सावन मास के चौथे सोमवार को दूबेपुर विकास खंड क्षेत्र के फतेहपुर (तिवारीपुर) गांव में स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही पूजन अर्चन के लिए भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। कतार में लगे महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सुबह करीब नौ बजे गांव की कई महिलाओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोले शंकर से घर-परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारी पं. राम किशोरी त्रिपाठी रोजाना सुबह-शाम आरती कराते हैं। आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।
जनवारीनाथ धाम पर शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
लंभुआ। सावन के चौथे सोमवार को क्षेत्र के सैतापुर सराय गांव में स्थित बाबा जनवारीनाथ धाम पर शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने कतार में जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया। यहां पर बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजापाठ किया। इस दौरान बाबा जनवारीनाथ धाम सेवा संस्थान के वालंटियरों ने भक्तों की कतार लगवा कर उन्हें गर्भगृह में प्रवेश दिलवाया। जलाभिषेक करने के बाद भक्तों ने बाबा जनवारीनाथ धाम के जयकारे भी लगाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें