सुल्तानपुर। जिले में संस्कृत बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 दिसंबर तक केंद्र निर्धारण होगा। इस बार नकल रोकने के लिए परीक्षा की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इसके तहत परीक्षा केंद्रों को जिले व मंडल के कंट्रोल रूम के साथ राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे।
जिले में 13 सहायता प्राप्त और चार वित्तविहीन संस्कृत कॉलेजों में करीब 1200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शासन से केंद्र निर्धारण जारी करने के बाद तैयारी तेजी से चल रही है। एडीआईओएस जटा शंकर ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकार्डर, डीवीआर और हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन अनिवार्य होंगे। परीक्षा केंद्रों का चयन जिला विद्यालय निरीक्षक स्वयं या उनके अधीनस्थ राजपत्रित अधिकारी करेंगे।
केंद्र तय करने से पहले संबंधित विद्यालयों की तकनीकी सुविधाओं की जांच की जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लाॅक अलमारी प्रधानाचार्य कक्ष से अलग सुरक्षित स्थान पर रखी जानी होगी। गत वर्ष 1186 परीक्षार्थियों के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
इनसेट
केंद्र की अधिकतम क्षमता 500 होगी
डीआईओएस सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र प्राथमिकता पर राजकीय संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, एडेड संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज व एडेड इंटर कॉलेजों को बनाया जाएगा। इसके बाद जरूरत पड़ने पर ही वित्तविहीन संस्कृत विद्यालयों को केंद्र बनाया जाएगा। केंद्र की अधिकतम क्षमता 500 व कम से कम 100 विद्यार्थियों की होनी चाहिए। केंद्र के सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य हैं। इनकी रिकॉर्डिंग क्षमता कम से कम 30 दिनों की होनी चाहिए। परीक्षा के बाद इसे छह माह तक सुरक्षित रखा जाएगा।