आम आदमी बीमा योजना की प्रगति शून्य होने व आदेश का पालन नहीं करने पर एसडीएम ने तहसील के आठ लेखपालों के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। एसडीएम ने सभी को पत्र जारी कर 15 दिन में फॉर्म भरवाने की प्रगति ठीक नहीं पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। एसडीएम की इस कार्रवाई से लेखपालों में हड़कंप है।
शासन की ओर से भूमिहीन किसानों का आम आदमी बीमा योजना के तहत फॉर्म भरवाने का निर्देश सभी जिलाधिकारियों को पूर्व में दिया गया है। डीएम जगतराज त्रिपाठी ने इस आशय का पत्र सभी एसडीएम को भेजकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए थे।
डीएम के आदेश के क्रम में एसडीएम सुभाषचंद्र प्रजापति करीब माह भर पूर्व मासिक बैठक में सभी लेखपालों को अपने क्षेत्र के भूमिहीन किसानों का शत-प्रतिशत फॉर्म भरवाकर संबंधित पटल पर जमा कराने का निर्देश दिया था।
गुरुवार को एसडीएम की ओर से आम आदमी बीमा योजना के तहत लेखपालों की ओर से भरवाए गए आवेदनों की समीक्षा की गई तो तहसील के आठ लेखपालों की ओर से अब तक एक भी आवेदन नहीं भरवाया जाना पाया गया।
आदेश के बावजूद प्रगति शून्य मिलने से नाराज एसडीएम ने लेखपाल यशंवत सिंह, ओम प्रकाश बिंद, बृजेंद्र बहादुर, रामसरन, लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, अनिल कुमार, राम किशोर व सुभाषचंद्र तिवारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक लगा दी।