सुल्तानपुर। बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से शुक्रवार की रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहे के जोर पर 52 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और मोबाइल लूट लिया। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटकर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चल सका।
यह घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव निवासी बृजेश कुमार शुक्ला के साथ हुई। बृजेश क्षेत्र के अहिमाने बाजार में ग्रामीण बैंक की फ्रेंचाइजी लेकर किराए के कमरे में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बृजेश कुमार सेवा केंद्र बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया और असलहा सटाकर 52 हजार रुपये के साथ ही मोबाइल और एटीएम कार्ड लूट लिया। बृजेश ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई की और सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। बदमाशों के जाने के बाद बृजेश ने राहगीरों की मदद से घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चल सका।