भदैंया (सुल्तानपुर)। क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रगति का अवलोकन करने के लिए सोमवार को एसडीएम लंभुआ ने भदैंया धान क्रय केंद्र द्वितीय समेत तीन क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने धान खरीद की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित को खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया।
सोमवार की सुबह 11 बजे एसडीएम लंभुआ वंदना पांडेय भदैंया धान क्रय केंद्र द्वितीय पहुंची। वहां पर 10 किसानों की धान लदी ट्राली खड़ी मिली। उन्हें पता चला कि क्रय केंद्र पर धान की खरीद नहीं हो रही थी। केंद्र पर प्रभारी मानवेंद्र चौधरी नदारद मिले। मौजूद सहायक अंबिका द्विवेदी ने गोदाम पर 400 बोरा डंप होने से खरीद नहीं होने की जानकारी दी। इस पर एसडीएम ने उनको खरी-खोटी सुनाते हुए सुचारु रूप से धान खरीद करने की नसीहत दी। एसडीएम धान क्रय केंद्र प्रथम व एफसीआई के धान क्रय केंद्र पहुंचीं। एफसीआई केंद्र पर खराब व्यवस्था और कम खरीद पर प्रभारी रोहित पाल को फटकार लगाई।
एसडीएम वंदना पांडेय ने बताया कि सभी केंद्र पर धान खरीद में तेजी लाने और भुगतान करने का निर्देश संबंधित को दिया गया है। इसके पहले एसडीएम लंभुआ ने भदैंया राशन गोदाम का निरीक्षण किया। नवंबर माह का राशन उठान शुरू नहीं होने से पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। एसडीएम ने उठान जल्द शुरू करने का निर्देश विपणन निरीक्षक को दिया।