सुल्तानपुर। केसरगंज के भाजपा सांसद बृजभूूषण शरण सिंह ने शनिवार को अग्निवीर योजना की सराहना की। कहा कि दूसरे देशों में सेना की ट्रेनिंग करने वालों को कुछ नहीं दिया जाता है लेकिन केंद्र की मोदी सरकार अग्निवीरों को ट्रेनिंग के लिए पैसे दे रही है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर की ट्रेनिंग के लिए वे सब कुछ छोड़ने को तैयार हैं।
पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह को श्रद्धांजलि देने आए भाजपा सांसद ने मीडिया से बातचीत के दौरान महाराष्ट्र में शिवसेना में बगावत को लेकर भी टिप्पणी की। कहा कि इससे भाजपा का कोई मतलब नहीं है। यह शिवसेना का आंतरिक मामला है। इसके पहले पुलिस लाइंस में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद वे सिविल लाइन स्थित पूर्व विधायक सूर्यभान सिंह के आवास पर पहुंचे। पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की। पूर्व विधायक के पुत्र रूपेश सिंह समेत परिवार के अन्य लोगों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस मौके पर कई भाजपा नेता मौजूद रहे।