सुल्तानपुर का खुर्शीद क्लब मैदान।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों को रैलियों के लिए मैदानों का आवंटन ई-सुविधा पोर्टल से किया जाएगा। इसके लिए राजनीतिक दलों को आयोग की ओर से बनाए गए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। प्रशासन पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर मैदान का आवंटन करेगा। निर्वाचन आयोग ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए खुले मैदान में रैलियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।
रैलियों के लिए जिले में स्थित खुले मैदानों को प्रशासन की ओर से चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित मैदानों की भीड़ क्षमता का भी आकलन प्रशासन की ओर से कराया जाएगा। इन्हीं मैदानों पर ही राजनीतिक दलों की ओर से रैलियां व सभाएं कराई जा सकेंगी। इसकी बुकिंग के लिए राजनीतिक दलों को आयोग की ओर से विकसित ई-सुविधा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पहले आवेदन करने वालों को मैदान का आवंटन पहले किया जाएगा। गाइडलाइन के मुताबिक प्रशासन की ओर से निर्धारित की गई क्षमता की एक तिहाई भीड़ ही मैदान में राजनीतिक दलों की ओर से बुलाई जा सकेगी।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर रैलियों के लिए प्रशासन की ओर से और कुछ शर्तें लागू की गई हैं। राजनीतिक दलों को लागू की गईं उन शर्तों का भी रैलियों में अनुपालन करना होगा। अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी प्रसाद ने बताया कि शहर के आवास विकास मैदान, खुर्शीद क्लब समेत अन्य मैदानों को चिह्नित किया गया है।