दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट पर किसानों की जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। कहा कि ऐसा करने के लिए ट्रस्ट ने छल कपट का सहारा लिया है। स्मृति ने कहा कि तिलोई के बहादुरपुर में बालकों का विद्यालय खोलने के ली गई जमीन पर ट्रस्ट ने प्रशिक्षण केंद्र खोल दिया। स्मृति ने कहा कि वे इस मामले में कानूनी राय लेने के बाद किसानों को न्याय दिलाने का काम करेंगी।
अपने पिछले दौरे में राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट पर कौहार में बंद पड़ी सम्राट साइकिल कंपनी की करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ी के भाव हथियाने का बम फोड़ने वाली केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को एक बार फिर ट्रस्ट की आड़ में गांधी परिवार पर सीधा हमला बोला। कहा कि सेवा के नाम पर अमेठी में संचालित इस ट्रस्ट ने तिलोई तहसील के बहादुरपुर में तीन दशक पूर्व किसानों की 1.0360 हेक्टेयर (4 बीघा 2 बिस्वा) जमीन कब्जा ली है। स्मृति का कहना था कि शैक्षिक रूप से अति पिछड़े बहादुरपुर ब्लॉक में बालकों का विद्यालय खोलने के लिए ली गई इस जमीन पर ट्रस्ट ने मनुज कल्याण केंद्र बनवा रखा है।
प्रदेश सरकार की मदद से बिना किसी सक्षम न्यायालय का आदेश हुए छल कपट कर जमीन को वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर के नाम करवा लिया गया और मौजूदा समय दलगत गतिविधियां चलाई जा रही हैं। स्मृति ने कहा कि आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर बयानबाजी करने वाले राहुल गांधी को ऐसे मसलों का कोई अनुभव नहीं है। देश की सुरक्षा के मामलों पर किसी को भी गंदी राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं पर राहुल गांधी के बयानों को बचकाना बताया।
‘अमेठी को पीछे धकेल रहीं स्मृति’
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र ने कहा है कि स्मृति के दौरे से क्षेत्र को कुछ नया तो नहीं मिलता। हां इतना जरूर है कि उनके प्रत्येक दौरे के बाद अमेठी में किसी बड़ी परियोजना को बंद करने का आदेश जरूर आ जाता है। मिश्र ने कहा कि अमेठी के लोग जानना चाहते हैं कि मेगाफूड पार्क और हिंदुस्तान पेपर मिल जैसी जो योजनाएं बंद हुईं क्या उसमें स्मृति की सहमति है। योगेंद्र ने कहा कि स्मृति अमेठी को पीछे धकेलने में जुटी हैं।