सुल्तानपुर। लंभुआ कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक के दौरान बृहस्पतिवार को मां-बेटी ने हंगामा किया। घर में हुई चोरी का सामान बरामद न होने से आहत मां और बेटी ने हाईवे पर लेटकर प्रदर्शन किया। पुलिस के अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
क्षेत्र के परशुरामपुर गांव निवासी प्रियंका चतुर्वेदी अपनी मां राजकुमारी चतुर्वेदी के साथ बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंची थी। उस दौरान पीस कमेटी की बैठक भी शुरू होने वाली थी। महिलाओं का आरोप था कि उनके घर से चोर जेवरात व अन्य कीमती सामान उठा ले गए थे। इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। कोतवाली के सामने हंगामा शुरू हुआ तो महिला पुलिस कर्मी भी पहुंच गईं। पर, उन्हें काबू नहीं कर सकी। बाद में पुलिस ने उन्हें कोतवाली के भीतर पहुंचाया। इस दौरान एसडीएम वंदना पांडेय ने भी महिलाओं से पूछताछ की। पुलिस उपाधीक्षक सतीश चंद्र शुक्ल ने कहा कि चोरी की कोई तहरीर नहीं मिली थी। महिलाएं जेवरात बरामद करवाने की बात कर रही थीं। महिलाओं ने कोतवाली के सामने हंगामा किया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।