फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीकाकरण अभियान में बाधा बनी वैक्सीन की कमी

विज्ञापन
55. लंभुआ में टीकाकरण के लिए कतार में खड़ी महिलाएं। - फोटो : SULTANPUR
विज्ञापन
सुल्तानपुर। कोरोना महामारी से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को जिले भर में वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत लोगों को वैक्सीन लगाई। जिला अस्पताल से लेकर 14 सीएचसी व 43 पीएचसी पर कैंप लगाया गया।
विज्ञापन

हालांकि वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई तैयारी औंधे मुंह गिर पड़ी। कहीं पर वैक्सीन की कमी के कारण लोग बिना वैक्सीनेशन के ही बैरंग वापस घर लौट गए तो कहीं भीड़ ज्यादा होने के कारण लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई। कई स्थानों पर लोग धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहीं भी पानी और टेंट की व्यवस्था नहीं थी।
धूप में करते रहे इंतजार
कूरेभार। कूरेभार प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार की सुबह से ही लोग वैक्सीनेशन के लिए कतार में खड़े रहे। इस दौरान किसी ने भी कोरोना से बचने के लिए जारी गाइड लाइन का पालन नहीं किया।
विज्ञापन

ग्रामीणों में दिखी जागरूकता
बल्दीराय। बल्दीराय प्राथमिक विद्यालय कांकरकोला में मंगलवार की सुबह से ही लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। टीका लगवाने के लिए लोग जागरूक दिखे, लेकिन कोरोना गाइड लाइन का पालन होता नहीं दिखा। लंबी कतार होने के कारण लोग जमीन पर ही एक-दूसरे से सटकर बैठे मिले। किसी ने मास्क नहीं लगाया था।
नेट स्लो होने से पंजीकरण में आई दिक्कत
चांदा। प्राथमिक विद्यालय फुटेला में नेट कनेक्टिविटी स्लो होने के कारण पंजीकरण में मुश्किल हुई। दोपहर बाद तक मात्र 30 लोगों को ही वैक्सीन लग पाई। टीकाकरण स्थलों पर कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं हुआ। मास्क और दो गज की दूरी उल्लंघन होता दिखा।
भीड़ ज्यादा होने के कारण निराश लौटे लोग
दोस्तपुर। दोस्तपुर क्षेत्र में टीकाकरण के दौरान लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर लंबी कतार होने के कारण लोग बिना टीका लगवाए ही लौट गए। ग्रामीणों का आरोप था कि टीकाकरण की मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई थी।
स्थिति संभालने के लिए लगानी पड़ी पुलिस
मोतिगरपुर। कोरोना का टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बिना तैयारी किए ही मंगलवार को महाअ भियान चला दिया। मोतिगरपुर में वैक्सीनेशन के लिए उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। वैक्सीनेशन के दौरान किसी ने गाइड लाइन का पालन नहीं किया।
अव्यवस्था पर भड़के लोग
जयसिंहपुर। सीएचसी पर वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोग अव्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों पर भड़क गए। लोगों का आरोप था कि जब कोई तैयारी नहीं की तो ऐसे में एक साथ लोगों के वैक्सीनेशन करने की क्या जरूरत थी। वैक्सीनेशन से पहले स्वास्थ्य कर्मियों पर भी पंजीयन करने का दबाव ज्यादा था।
13 केंद्रों पर उमड़ी भीड़
लंभुआ। वैक्सीन महाअभियान के दिन लोगों को अव्यवस्था से भी जूझना पड़ा। हालांकि, 13 केंद्रों पर करीब 2300 से ज्यादा लोगों के टीकाकरण किया गया है। बीपीएम संध्या त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को टीकाकरण के लिए 13 केंद्र बनाये गए थे। इसमें धोपाप, नूरमपट्टी, बड़ागांव, नरहरपुर, गारवपुर, तातोमुरैनी, चौकिया, भरखरे व शिवगढ़ शामिल हैं।
इसके अलावा स्थानीय सीएचसी पर चार केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही वैक्सीनेशन के लिए महिला व पुरुष की लंबी कतार लगी हुई थी। भारी भीड़ के बीच कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। बिना मास्क और उचित दूरी के भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया था। सीएचसी के टीकाकरण केंद्र पर रौशनी व पंखे के इंतजाम नहीं थे। इसकी वजह से स्वास्थ्य कर्मियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
कोविड टीकाकरण को लेकर लगी रही दिन भर कतार
भदैंया। क्षेत्र में मंगलवार को महाटीकाकरण अभियान मे सीएचसी भदैंया, पीएचसी शंभूगंज, पीएचसी बेलसौना,प्राथमिक विद्यालय लोदीपुर, पंचायत भवन जालापुर, प्रावि त्रिलोकचंद्रपुर, जूनियर हाईस्कूल नरायनपुर तथा प्रावि उंचहरा मे 18 साल से ऊपर के लोगों का कोविड टीकाकरण शिविर लगाया गया। मंगलवार को दिन भर हर जगह लोगों की टीका लगवाने की भीड़ जुटी रही। सीएचसी भदैंया में भूतल तथा प्रथम तल दोनों जगह लोगों की दिन भर कतार लगी रही।
स्वास्थ्य केंद्र पर उमड़ी भीड़
धम्मौर। कोविड वैक्सीनेशन के लिए धम्मौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भीड़ उमड़ पड़ी। पीएचसी पर मात्र 110 डोज ही आई थी। वैक्सीनेशन के लिए 110 लोगों के कार्ड जमा किए गए। इन्हें ही वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन नहीं उपलब्ध होने के कारण बड़ी संख्या में लोग वापस लौट गए। ग्रामीणों ने टीकाकरण के लिए कैंप में ज्यादा वैक्सीन भेजने की मांग की।
लगी रही लंबी कतार
कादीपुर। स्थानीय सीएचसी व प्राथमिक विद्यालय नारायण पारा तथा जूनियर हाईस्कूल कादीपुर में वैक्सीनेशन के लिए लंबी कतार लगी रही। प्राथमिक विद्यालय नारायण पारा में भीड़ के चलते लोग कतार में नहीं लग रहे थे, जिससे नाराज होकर टीकाकरण कर रहे स्टाफ ने टीका लगाने का कार्य बंद कर दिया। स्टाफ का कहना था कि जब तक लोग कतार में नहीं लगेंगे, टीकाकरण नहीं किया जाएगा। बाद में लोग कतार में लगे तो उन्हें वैक्सीन लगाई गई।
लोगों ने नहीं किया सोशल डिस्टेंसिंग का पालन
कुड़वार। सीएचसी कुड़वार पर कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए मंगलवार की सुबह से ही लंबी कतार लगने लगी। भीड़ ने कोविड-19 गाइड लाइन का पालन नहीं किया। भीड़ को देखते हुए काफी लोग वापस चले गये। अधीक्षक डॉ. अनवर आलम खान ने कहा कि 18 प्लस व 44 प्लस के लोगों का वैक्सीनेशन साथ होने से भीड़ लग जाती है।
लोगों ने बढ़-चढ़कर कराया वैक्सीनेशन
सुल्तानपुर। सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को वैक्सीनेशन महाअभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिले में दूर इलाकों से वैक्सीनेशन का आंकड़ा देर शाम तक उपलब्ध नहीं हो सका। इसलिए बुधवार को ही पता चलेगा कि कितने लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें