सुल्तानपुर। भीषण उमस में बिजली का लोड बढ़ने से जर्जर संयंत्र धोखा देने लगे हैं। सोमवार को दोपहर बिजली का लोड बढ़ने से दियरा उपकेंद्र की एक इनकमिंग लाइन की मशीन तेज धमाके के साथ जल गई। दोपहर करीब 12 बजे धमाका होने पर उपकेंद्र पर खलबली मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह धमाके पर नियंत्रण पाया।
मशीन जलने से उपकेंद्र का मोतिगरपुर व पहाड़पुर फीडर की लाइन बंद हो गई। इससे जुड़ी करीब 50 हजार आबादी बिजली आपूर्ति बाधित होने से देर शाम तक परेशान रही। तीन दिन पहले उपकेंद्र की दोनों इनकमिंग मशीन जल गई थी। उन्हें किसी तरह दुरुस्त करने के बाद सोमवार को फिर एक मशीन जल गई। अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि इनकमिंग मशीन दुरुस्त करने का कार्य चल रहा है। बिजली का लोड अधिक होने से दिक्कत आ रही है।