लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के सेमरी नहर पुल के पास पटरी से होकर गुजरा बिजली का केबल बुधवार की शाम मिट्टी खनन के दौरान कट गया। केबल कटने से पांडेयपुर व गारवपुर बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। इससे करीब एक लाख आबादी प्रभावित है। भीषण गर्मी में उपभोक्ता परेशान हैं। गुरुवार शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। पावर कॉर्पोरेशन के जेई व एसडीओ ने मिट्टी खनन के आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जिला मुख्यालय से 132 केवी रजवाड़े रामपुर उपकेंद्र को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इस उपकेंद्र से 33 केवी पांडेयपुर व गारवपुर उपकेंद्र को लंभुआ के रास्ते बिजली की आपूर्ति की जाती है। इसके लिए 33 केवी की लाइन चांदा नहर की पटरी से होकर गुजरती है।
पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के अनुसार सेमरी नहर पुल के पास गांव के ही दो लोग बुधवार की शाम करीब पांच बजे खेत से मिट्टी खनन कर रहे थे। जेसीबी से खोदी जा रही मिट्टी कहीं अन्यत्र ले जाई जा रही थी। इस दौरान जेसीबी की चपेट में आने से भूमिगत 33 केवी का केबल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। केबल कटने के बाद जेसीबी लेकर चालक व आरोपी फरार हो गए। बुधवार की पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता हरीश मिश्र व उप खंड अधिकारी सौरभ उपाध्याय की मौजूदगी में मजदूर केबल ठीक करने के लिए गुरुवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे से जुटे हैं। एसडीओ व जेई ने संयुक्त रूप से आरोपियों के खिलाफ लंभुआ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर के मुताबिक मिट्टी खनन से केबल कटने की वजह से पावर कॉर्पोरेशन को कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। देर शाम तक केबल जोड़ने का काम जारी रहा। प्रभारी निरीक्षक नर्वदेश्वर तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिजली न मिलने से लोगों के घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शो पीस बन गए हैं। कूलर, फ्रिज व पंखे सब बंद हैं। इन्वर्टर ने जवाब दे दिया है। लोगों के मोबाइल चार्ज न होने से बंद हो गए हैं। नलकूप बंद होने से खेतीबाड़ी का काम भी बंद हो गया है। भीषण गर्मी में लोग बेहाल हैं।