डाकखाना उपकेंद्र पर फॉल्ट दुरुस्त करते कर्मी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। भीषण उमस और गर्मी के बीच बृहस्पतिवार को पयागीपुर स्थित ट्रांसमिशन उपकेंद्र व हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट के चलते शहर के चार और ग्रामीण क्षेत्र के सात उपकेेंद्र दिन भर बंद रहे। सुबह से उपकेंद्रों के ठप होने से उमस भरी गर्मी में करीब डेढ़ लाख आबादी परेशान रही। शाम को शहर के उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
भीषण उमस और गर्मी के चलते बिजली की मांग बढ़ने से विद्युत संयंत्र ओवरलोड हो गए हैं। ओवरलोडिंग बढ़ने पर बृहस्पतिवार को भोर में पयागीपुर स्थित 220 केवी पारेषण उपकेंद्र के सिस्टम में फॉल्ट आ गया। इस बीच शहर के डाकखाना, टीपीनगर, दरियापुर व केएनआई के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के सात उपकेंद्रों की लाइन बाधित हो गई। मरम्मत के दौरान पारेषण के कंट्रोल यूनिट के ठीक से कार्य नहीं करने से बीच-बीच में कुछ उपकेंद्रों की आपूर्ति जारी होती रही लेकिन केएनआई व टीपीनगर समेत ग्रामीण क्षेत्र के उपकेंद्र एकदम ठप रहे। इस बीच टीपीनगर का नारायणपुर फीडर व डाकखाना उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन में भी फॉल्ट आ गया। सुबह से ट्रांसमिशन व वितरण के उपकेंद्रों की लाइन को दुुरूस्त करने का कार्य चलता रहा।
शाम करीब साढ़े तीन बजे पारेषण उपकेंद्र से जुड़ी शहर की लाइनों को दुरुस्त करके तीन उपकेंद्रों को चालू कर दिया गया लेकिन केएनआई व ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेद्रों की फॉल्ट ठीक करने का कार्य चलता रहा। इंजीनियरों ने बताया कि देर शाम फॉल्ट को दुरुस्त करके सभी लाइनें चालू कर दी गईं। इस बीच भीषण उमस में डाकखाना उपकेंद्र क्षेत्र में डीएम आवास के आसपास की आपूर्ति फॉल्ट के चलते बाधित रही। रात करीब आठ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से शहर व ग्रामीण क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी परेशान रही। उपभोक्ताओं के इनवर्टर बंद हो गए। पंखा व कूलर नहीं चलने से लोग गर्मी से बेहाल रहे। इनवर्टर बंद होने से सैकड़ों घरों में अंधेरा रहा। डाकखाना उपकेंद्र के एसडीओ प्रशांत गिरी ने बताया कि ओवरलोडिंग की वजह से कई जगहों पर लाइन में फॉल्ट आ गया। पारेषण उपकेंद्र में खराबी से ज्यादा दिक्कत रही। शहर के उपकेंद्रों की लाइन बहाल कर दी गई है।