गोसाईगंज उपडाकघर में पोस्टमास्टर के पास खड़े ग्राहक। संवाद
सुल्तानपुर। मुख्य डाकघर सहित शाखा डाकघरों का बुधवार सुबह से नेटवर्क बाधित होने से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की जमा-निकासी सहित अन्य कार्य प्रभावित हुए। घंटों इंतजार के बाद ग्राहकों को वापस होना पड़ा।
डाकघर में चालू किया गया नया नेटवर्क सिस्टम आए दिन बाधित चल रहा है। जिससे रोज डाकघरों के कार्य में समस्या आ रही है। अधिकारियों की सूचना पर केंद्र सरकार के डाक विभाग की ओर से एक दिन पूर्व मेसेज जारी करते हुए बुधवार को दुरुस्त करने की जानकारी दी गई थी। इस सूचना की जानकारी ग्राहकों को नहीं मिल सकी।
जिसकी वजह से रोज की तरह ग्राहक मुख्य डाकघर सहित शाखा डाकघरों में पहुंचने लगे, लेकिन ग्राहकों के किसान विकास पत्र, एफडी कराने, चालू खाता खोलवाने, धनराशि की निकासी व जमा करने सहित अन्य कार्य नहीं हो सके। इसकी वजह से काफी देर तक इंतजार के बाद ग्राहक वापस हो गए। गोसाईगंज बाजार स्थित उप डाकघर, भाईं, दियरा, कुड़वार, कादीपुर सहित अन्य उप डाकघरों में परेशानी दिनभर बनी रही। लोगों के आधार कार्ड के संशोधन व नए के आवेदन भी नहीं हो सके।
मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि नेटवर्क बंद रखकर उसे दुरुस्त कराया गया। बृहस्पतिवार से नेटवर्क चालू हो जाएगा।