जनसंवाद रैली को संबोधित करते सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। सपा में ही दलित व पिछड़ों का सम्मान है। भाजपा में दलित व पिछड़े समाज के जो नेता हैं वे मूर्ति की तरह हैं। बसपा सिर्फ पैसे की पार्टी है। ये बातें सोमवार को शहर से सटे गभड़िया इलाके में आयोजित जनसंवाद एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने कहीं।
सपा नेता ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है। योगी-मोदी ने देश-प्रदेश को कमजोर किया है। भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 लाख रुपये देने का वादा किया था, जिसे बाद में जुमला बता दिया गया। महंगाई चरम पर है। दो करोड़ सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन आज प्राइवेट नौकरी भी नहीं मिल रही है। बसपा में दलितों का शोषण हो रहा है। अब वह पार्टी नहीं दुकान बन गई है। वहां पैसा चलता है। इस मौके पर इसौली विधायक अबरार अहमद, सपा जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव, पूर्व सांसद ताहिर खां, पूर्व विधायक अनूप संडा, पूर्व विधायक अरुण वर्मा, पूर्व विधायक संतोष पांडेय, पूर्व विधायक रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक भगेलू राम, सपा जिला महासचिव सलाऊद्दीन अहमद, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष शहजाद, परमात्मा यादव, अशोक वर्मा, अफजल अंसारी, वीरेंद्र समेत कई नेता मौजूद रहे।