17. निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। चुनाव से पहले जिलेवासियों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का तोहफा मिल सकता है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए शासन के निर्देश पर कार्यदायी संस्था कार्य पूरा करने की तैयारी में जुटी है। अभी तक एक्सप्रेस-वे का करीब 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। कार्य को देखते हुए अगस्त के आखिर तक उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है।
लखनऊ से गाजीपुर तक करीब पांच साल से निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का तोहफा सरकार विधानसभा के चुनावी वर्ष में देने के प्रयास में जुटी है। सरकार के निर्देश पर कार्यदायी संस्था आनन-फानन में एक्सप्रेस-वे का कार्य पूरा करने में जुटी है।
जिले में स्थित करीब 100 किमी लंबे मार्ग पर रात-दिन कार्य चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक रोड का तकरीबन कार्य पूरा हो गया है। रोड के साइड व बीच में डिवाइडर आदि को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। जिले में कूरेभार व अखंडनगर में शाहगंज रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य पूरा कराने पर कार्यदायी संस्था का फोकस है।
अधिकारियों के मुताबिक ब्रिज का कार्य भी पूरा होने की कगार पर है। रात-दिन कार्य के साथ रोजाना कार्य प्रगति की समीक्षा भी शासन की ओर से कार्यदायी संस्था से की जा रही है। पिछले माह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निरीक्षण में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अधिकारियों को 15 अगस्त तक कार्य पूरा करने का निर्देश दे चुके हैं। इसे देखते हुए अगस्त के आखिर तक प्रधानमंत्री के हाथों एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है।
करीब 32,000 करोड़ से बन रहा एक्सप्रेस-वे
लखनऊ से गाजीपुर के हल्दिया तक करीब 344 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण तकरीबन 32 हजार करोड़ रुपये से कराया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे पर व्यापार को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक गलियारा भी बनाया जा रहा है। कूरेभार के पास एक्सप्रेस-वे पर एयर स्ट्रिप का भी निर्माण कराया गया है। एयर स्ट्रिप पर लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकेंगे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का करीब 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। कूरेभार व अखंडनगर के कलवारी बांध पर रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य भी पूरा होने की कगार पर है। कार्यदायी संस्था ने निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है।
-रवीश गुप्ता, जिलाधिकारी