सुल्तानपुर। विदेश भेजने के नाम पर 6.98 लाख रुपये की ठगी के आरोप से जुड़े मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अलंकृता शक्ति त्रिपाठी के आदेश पर हलियापुर थाने में स्थानीय गांव निवासी सलमान शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
अयोध्या जिले के कुमारगंज के लिलहा निवासी मो. हसीब के मुताबिक उनकी बुआ हलियापुर में रहती हैं। बुआ के लड़के के माध्यम से हसीब का परिचय हलियापुर निवासी सलमान शेख से हुआ था। आरोप है कि सलमान शेख लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा बनवाने का झांसा देकर ठगी करता था। उसके झांसे में आकर मो. हसीब ने गत वर्ष तीन जुलाई से 12 अगस्त के बीच सात किस्तों में अपने मोबाइल फोन पे के माध्यम से 1.10 लाख रुपये भेजे थे। मो. हसीब के अलावा 18 अन्य लोगों ने सलमान शेख के खाते में पैसे भेजे थे। उन सभी पीड़ितों से कुल 6,98,300 रुपये की ठगी की गई।
आरोप है सलमान ने सभी के साथ विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की। गत वर्ष 25 अक्तूबर को जब पीड़ित अपने पैसे वापस मांगने सलमान के घर पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें अपमानित किया। पीड़ितों ने हलियापुर थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। हलियापुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।