ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
यूपी के सुल्तानपुर में मंगलवार को हमलावरों ने लाठी डंडों से पीट पीटकर बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
घटना अखंडनगर थाना क्षेत्र के खानपुर पिलाई गांव की है। गांव निवासी उमाशंकर दुबे (70) की हत्या हुई है। पशु चराते समय हमलावरों ने हमला किया। घरवालों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद मौत की पुष्टि की। घटना से आक्रोशित घरवालों और ग्रामीणों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने में जुटी है।
घरवालों ने गांव के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुशवाहा और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वह आक्रोशित परिजनों को शांत कराने और स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं। सीओ विनय गौतम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।