सुल्तानपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पुराने निर्वाचन कार्यालय को ध्वस्त कर वहां तीन अपर जिलाधिकारियों की अदालतों के भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एस्टीमेट तैयार कर रहा है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा।
प्रशासन ने करीब चार माह पहले डीएम कार्यालय के बगल में तीनों अदालतों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने इस पर एस्टीमेट मांगा है। वर्तमान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और मुख्य राजस्व अधिकारी की अदालतें संबंधित कार्यालयों के बगल संचालित हो रही हैं। नए भवन बनने से वादकारियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सहूलियत मिलेगी।
पुराने निर्वाचन कार्यालय को गिराने के लिए आकलन कराया जा चुका है। जल्द ही भवन की नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। पीडब्ल्यूडी खंड तीन के अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह आर्या ने बताया कि एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।