सुल्तानपुर। जिले में गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय रहते पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग अभियान चला रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को निर्देश जारी कर 30 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति की शत-प्रतिशत जांच अनिवार्य कर दी है। अब प्रगति की नियमित निगरानी भी होगी।
उच्च रक्तचाप, मधुमेह, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और मुख कैंसर समेत प्रमुख एनसीडी की समय व गुणवत्तापूर्ण जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि ये बीमारियां अक्सर शुरुआती चरण में बिना लक्षण के शरीर को नुकसान पहुंचाती हैं, इसलिए नियमित जांच बेहद जरूरी है। बताया कि सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीडी नियंत्रण कार्यक्रम केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि रोकथाम, समय पर उपचार और निरंतर फॉलोअप इसका मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए आशा, एएनएम और सीएचओ को घर-घर जाकर पात्र लोगों को जांच करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।