कलेक्ट्रेट के पास नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव के पांचवेें चरण की नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन कलेक्ट्रेट के पास भारी गहमागहमी रही। मंगलवार को अंतिम दिन भाजपा, बसपा, कांग्रेस समेत 42 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान उम्मीदवारों के समर्थक बाहर नारेबाजी करते रहे। प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से तीन बजे के बाद तक नामांकन चलता रहा। नाम निर्देशन को देखते कलेक्ट्रेट के आसपास की दुकानें बंद रहीं। कलेक्ट्रेट व आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। बैरियर के अंदर प्रत्याशियों के साथ सिर्फ पांच लोग ही प्रवेश पा सके।
पांचवें चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन था। नाम निर्देशन के सातवें व अंतिम दिन नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में बड़ी गहमागहमी रही। सुबह 11 बजे से ही नामांकन शुरू हो गया। आखिरी दिन भाजपा के दो, कांग्रेस के एक व बसपा के एक प्रत्याशी समेत 42 ने नाम निर्देशन किया। इसौली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी सुबह पार्टी कार्यालय पर पहुंचे। महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वे पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में आरओ वंदना पांडेय के समक्ष नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इसके थोड़ी देर बाद सुल्तानपुर के भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री विनोद सिंह पार्टी कार्यालय पर पहुंचे। पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। दोनों भाजपा प्रत्याशियों के नाम नामांकन के दौरान कार्यकर्ता बैरियर के पास नारेबाजी करते रहे।
लंभुआ से बसपा प्रत्याशी अवनीश कुमार सिंह ने दोपहर बाद कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा भरा। इसौली के कांग्रेस प्रत्याशी बीएम यादव ने दोपहर में पार्टी के लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इसौली से ही एआईएमआईएम के प्रत्याशी मजहर हुसैन व कादीपुर के एआईएमआईएम प्रत्याशी पुष्पांजलि ने नाम निर्देशन किया। आखिरी दिन प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से कादीपुर, लंभुआ व इसौली के निर्वाचन कक्ष में तीन बजे के बाद तक नामांकन चलता रहा। तीन बजे तक पहुंचे प्रत्याशियों को आरओ ने कक्ष में बुलाकर नामांकन कराया। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट व आसपास गहमागहमी रही।
कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्गों पर बनाए गए बैरियरों के पास प्रत्याशियों के समर्थक रोक लिए गए। भीड़ बैरियर के पास नारेबाजी करती रही। पुलिस ने पांच लोगों को ही प्रत्याशियों के साथ प्रवेश दिया। इसे लेकर पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों में आखिरी दिन 42 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी।