सपा जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव के पुत्र व मोतिगरपुर क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्रवण कुमार यादव शक्ति परीक्षण में धराशायी हो गए। आठ सितंबर को 28 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अभिषेक सिंह राणा, उमेश प्रताप सिंह बॉबी व संजय सिंह के नेतृत्व में जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थित होकर प्रमुख पर विश्वास खो देने का आरोप लगाया था। साथ ही विश्वास पर चर्चा व शक्ति परीक्षण कराने की मांग की थी।
सदस्यों की मांग पर बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एसडीएम जयसिंहपुर/रिटर्निंग ऑफिसर चंद्रशेखर मिश्र की देखरेख में गहमागहमी के बीच शक्ति परीक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। अविश्वास पर चर्चा के लिए सदन की बैठक बुलाई गई। सुबह 11 बजे सदन में कुल 49 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सापेक्ष 31 ने हिस्सा लिया। सदन में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांग पर अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कराई गई।
वोटिंग में हिस्सा लेने वाले 31 में 30 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। अविश्वास के पक्ष में आधे से अधिक सदस्यों के मतदान करने से प्रमुख के खिलाफ प्रस्ताव पारित हो गया। एसडीएम/रिटर्निंग ऑफिसर ने वोटों की गिनती के बाद इसकी घोषणा की। शक्ति परीक्षण के दौरान ब्लॉक मुख्यालय पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में शामिल होने जा रहे क्षेत्र पंचायत सदस्यों की काफी छानबीन हुई। पहचान के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्याें को अंदर प्रवेश दिया गया।
चार बीडीसी के बनाए गए सहायक
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान चार क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने रिटर्निंग ऑफिसर से सहायक की मांग की। मांग पर एसडीएम/रिटर्निंग ऑफिसर ने वार्ड संख्या-37 की सरोजा देवी, वार्ड संख्या-46 की गीता देवी, वार्ड संख्या-17 की सीता देवी व वार्ड संख्या-49 की सोनमती के लिए सहायक बनाया। सहायकों ने मतदान में हिस्सा लिया।