विकास भवन परिसर में डीएम को दिया गया नोटिस दिखाते बीडीसी सदस्य। स्रोत-सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी करौंदीकला ब्लॉक प्रमुख पर फिर आफत आ गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे 23 बीडीसी सदस्यों ने डीएम से मुलाकात कर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास जताया है। सदस्यों ने अविश्वास की नोटिस देते हुए बैठक कराने की मांग की है।
करीब दो साल पहले करौंदीकला ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार गौतम के खिलाफ 36 बीडीसी सदस्यों ने हस्ताक्षरित अविश्वास प्रस्ताव लाने का शपथपत्र तत्कालीन डीएम को दिया था। जांच के बाद मामला पहले हाईकोर्ट लखनऊ खंड पीठ व उसके बाद प्रमुख पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट चला गया। चार फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व के अविश्वास प्रस्ताव संबंधी नोटिस के परीक्षण को सही मानते हुए निरस्त कर दिया था। कोर्ट ने नए सिरे से अविश्वास संबंधी नोटिस मिलने पर उस पर डीएम को संज्ञान लेने का आदेश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश सार्वजनिक होते ही शुक्रवार को बीडीसी नरेंद्र कुमार की अगुवाई में 23 सदस्यों ने डीएम से मुलाकात करके ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की नोटिस दिया है। नोटिस में बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख पर समय से बैठक नहीं कराने, वित्तीय अनियमितता सहित अन्य आरोप लगाए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि नोटिस मिला है। नोटिस में आधे से कम 23 सदस्यों का जिक्र है। कोरम पूरा होने के बाद अगला निर्णय उच्चाधिकारियों की ओर से लिया जाएगा।