सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र में एक महिला की सोमवार रात ईंट से कूंच कर हत्या कर दी गई। महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी के चलते रात को घर में उसने ईंट से कूंच कर पत्नी की हत्या कर दी।
यह सनसनीखेज वारदात नसीरपुर गांव में हुई। गांव निवासी जयप्रकाश की पत्नी रेनू (22) की घर में सोमवार रात हत्या कर दी गई। उसके सिर को ईंट से कूंचा गया था। घटना की रात जय प्रकाश के साथ उसके बच्चों में बेटी प्रिया (5), बेटा सूर्यांश (3) व छह माह का अर्पित मौजूद थे। रेनू सोमवार को ही पति जयप्रकाश व बच्चों के साथ अपने मायके जयसिंहपुर क्षेत्र के महमूदपुर लखनपुर गांव से ससुराल लौटी थी। मंगलवार की सुबह रेनू की हत्या की सूचना ग्रामीणों ने उसके मायके पक्ष को दी। सूचना के बाद नसीरपुर पहुंचे रेनू के पिता बद्री प्रसाद ने दामाद जयप्रकाश पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
कादीपुर कोतवाल उमेश्वर प्रताप यादव ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना के बाद रेनू के पिता बद्री प्रसाद उसके तीनों बच्चों को अपने साथ ले गए हैं। उधर पुलिस की पूूछताछ में आरोपी जयप्रकाश ने पत्नी के चरित्र पर संदेह जताया। इसी बात को लेकर सोमवार को उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इससे नाराज रेनू ने घर छोड़कर जाने की बात कही। इसके बाद घटना हुई।