सुल्तानपुर। गोसाईंगंज क्षेत्र में छह दिन पूर्व चाकू से गोदकर युवक की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर युवक की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
गोसाईंगंज क्षेत्र के बुद्धि मिश्र का पुरवा गांव निवासी अवधेश पाल (19) पुत्र स्व. संतराम पाल गत शनिवार की शाम घर से निकलने के बाद लापता हो गया था। रविवार की सुबह घर से डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित राजमणि मिश्र के धान के खेत में अवधेश का शव पाया गया था।
अवधेश के पेट को चाकू से गोदा गया था। पुलिस ने मृतक के मामा सरजू प्रसाद पाल निवासी ताजपुर कोतवाली बीकापुर जिला अयोध्या की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। एसओ मनबोध तिवारी के मुताबिक छानबीन के दौरान गांव के ही पवन कुमार उर्फ कल्लू पाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
एसओ ने बताया कि पवन कुमार उर्फ कल्लू का अवधेश पाल के परिवार की एक महिला से संबंध थे। अवधेश इसका विरोध कर रहा था। ये बात पवन को नागवार लगी और उसने अवधेश को घर से बुलाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।