चांदा कस्बे में मृतक के घर पर रोते-बिलखते परिजन।
चांदा। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर ईशीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार स्थानीय कस्बा निवासी प्रिंस मोदनवाल (22) की मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके पड़ोस के शुभम बरनवाल (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे हुई। बाइक शुभम चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जबकि प्रिंस पीछे बैठे थे। दोनों बाइक से जौनपुर की ओर जा रहे थे। ईशीपुर गांव के पास पीछे से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पीपी कमैचा पहुंचाया गया, वहां से दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज से प्रिंस को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। देर शाम प्रिंस का शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रिंस के पिता हरिश्चंद्र की चांदा कस्बे में मिठाई की दुकान है। वह भाई-बहन में छोटे थे। उनकी मौत से मां कमला देवी, बड़ी बहन शिल्पी व बड़े भाई शिवम सदमे में हैं। प्रिंस की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। (संवाद)