सुल्तानपुर। जिले के 331 माध्यमिक विद्यालयों में पंजीकृत 80,022 परीक्षार्थियों का रिजल्ट शनिवार को घोषित हुआ। हाईस्कूल के 43,424 व इंटरमीडिएट के 36,598 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जारी हुआ है।
हालांकि देर शाम तक जिला विद्यालय निरीक्षक की लॉगइन और एनआईसी की वेबसाइट पर पूरे जिले की समेकित सूचना प्राप्त नहीं हो सकी। अधिकतर विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
जिले में 331 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इसमें 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 56 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय व 250 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। कोरोना की वजह से यूपी बोर्ड परीक्षा नहीं हो सकी थी।
पूर्व कक्षाओं एवं प्री-बोर्ड में मिले अंक के आधार पर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने रिजल्ट तैयार कर घोषित किया है। इस बार जिला विद्यालय निरीक्षक की लॉगइन आईडी व एनआईसी की वेबसाइट पर पूरे जिले का समेकित डाटा देर शाम तक नहीं मिला।
जिले में सर्वाधिक छात्र संख्या वाले विद्यालय श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट के 1420 परीक्षार्थी नामांकित थे। सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। छह विद्यार्थी 90 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल कर पास हुए।
शिखा यादव को 92.20 प्रतिशत, कृतिका यादव व काजल को संयुक्त रूप से 91.40 प्रतिशत व अतुल सिंह को 91.00 प्रतिशत अंक मिला। वहीं, हाईस्कूल में पंजीकृत सभी 1366 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। नेहा सिंह, शिवांगी यादव व रुपेश यादव को संयुक्त रूप से 93.50 फीसदी अंक हासिल हुआ।
शांभवी सिंह 93.16 फीसदी, सौम्या यादव, 93.00 फीसदी, वर्षा दुबे व युगांक सिंह चौहान को 92.66 तथा निगम सिंह को 92.00 फीसदी अंक मिला। प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. शिवहर्ष सिंह आदि ने मेधावियों का उत्साहवर्धन किया। कृतिका हाईस्कूल में विद्यालय की टॉपर रही हैं।
संकट मोचन शिक्षण संस्थान करिया बझना में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। हाईस्कूल के छात्र रीपेश सिंह 92.66, आदित्य तिवारी व आनंद अग्रहरि 92.16, स्नेहा जायसवाल व अग्रिम सिंह 91.50 व श्रद्धा जायसवाल 91.16 फीसदी अंक प्राप्त हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, अध्यक्ष अमरेज बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य जयप्रकाश वर्मा, शिक्षक राजेश निषाद, आशीष सिंह ने मिठाई खिलाकर छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। कादीपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम सौ फीसदी रहा।
इंटरमीडिएट में विंदेश्वरी मिश्रा व प्रिया सिंह को 90.00 फीसदी तथा रजनीश यादव को 88.80 फीसदी अंक प्राप्त हुआ। हाईस्कूल में वैभव त्रिपाठी को 93.50 फीसदी, आयुष पांडेय को 92.80 फीसदी व अनुप्रिया सिंह को 92.50 प्रतिशत अंक हासिल हुआ।
प्रधानाचार्य प्रदीप त्रिपाठी, प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने बच्चों को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई। पुरुषोत्तम सिंह इंटर कॉलेज सिंघनी में हाईस्कूल में 246 बच्चे व इंटर में 231 बच्चे पंजीकृत थे। सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इंटर में अभिषेक मिश्र को 88.60 फीसदी व अर्पित पांडेय को 88.00 फीसदी अंक प्राप्त हुआ। हाईस्कूल में सौरभ यादव को 92.50 फीसदी व हिमानी त्रिपाठी को 92.16 फीसदी अंक मिला। प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुफलिसी को मात दे भविष्य संवारने की कोशिश
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट में 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कई छात्र अभाव व मुफलिसी के दौर से गुजर रहे हैं। परिवार की माली हालत ठीक नहीं है। बावजूद इसके बच्चों ने अपने भविष्य को संवारने की कोशिश की है। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान की छात्रा शिखा यादव के पिता कृषि कार्य करते हैं।
वहीं, कृतिका यादव के परिवार का जीवन यापन एक छोटी सी दुकान के सहारे होता है। काजल के पिता राधेश्याम सिलाई करते हैं तो मुस्कान शर्मा के पिता नाई का काम करते हैं। अतुल के पिता रवि प्रकाश व अंकित यादव के पिता घनश्याम भी खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। अपने बच्चों के 90 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने पर परिवारों में खुशी का माहौल है।
डिग्री कॉलेजों में प्रवेश के लिए बढ़ेगा दबाव
सीबीएसई एवं यूपी बोर्ड का इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित हो चुका है। अब महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए मारामारी होनी तय है। अधिकतर माध्यमिक विद्यालयों का रिजल्ट शत-प्रतिशत आया है। इससे न सिर्फ महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए भीड़ बढ़ेगी, बल्कि प्रोफेशनल कोर्सों में भी एडमिशन के लिए दबाव बढ़ेगा।
कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के प्राचार्य डॉ. राधेश्याम सिंह कहते हैं कि कोविड की वजह से परिस्थितियां बदली हैं। अधिकतर विद्यालयों के शत-प्रतिशत रिजल्ट से डिग्री कॉलेजों में मनचाहे कोर्स में प्रवेश के लिए दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।