सुल्तानपुर। अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे प्रमुख ट्रेनों का संचालन अब तक बहाल नहीं कर सका है। सोमवार को बिहार रूट की पाटिलपुत्र-चंडीगढ़ अप एक्सप्रेस समेत चार जोड़ी ट्रेनों का संचालन आरंभिक स्टेशनों से निरस्त रहा। पिछले चार दिनों से प्रमुख ट्रेनों के निरस्त होने से यात्री परेशान हो रहे हैं।
अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में जगह-जगह हो रहे प्रदर्शन को लेकर रेलवे ने एहतियातन बिहार रूट की कई ट्रेनों का संचालन आरंभिक स्टेेशनों से निरस्त कर दिया है। सोमवार को पाटलिपुत्र से चंडीगढ़ तक जाने वाली पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ अप एक्सप्रेस का संचालन आरंभिक स्टेशन से निरस्त कर दिया गया। वहीं रक्सौल-आनंद विहार सद्भावना अप, राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी अप, पटना- कोटा अप एक्सप्रेस, बरौनी-अंबाला हरिहर अप एक्सप्रेस आरंभिक स्टेशनों से निरस्त चल रही हैं।
उधर, आनंद विहार-रक्सौल सद्भावना डाउन, देहरादून-हावड़ा कुंभ डाउन, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि डाउन, नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी डाउन एक्सप्रेस भी आरंभिक स्टेशनों से पहले से निरस्त चल रही हैं। ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से दिन भर यात्री परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए एहतियातन बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों का संचालन निरस्त चल रहा है।
हावड़ा से देहरादून के बीच चलने वाली कुंभ अप सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन सोमवार को चौकसी के बीच शुरू कर दिया गया। यह ट्रेन पूर्व में आरंभिक स्टेशन हावड़ा से दो दिन तक निरस्त रही। स्लीपर व एसी कोच के साथ जनरल बोगी में भी जीआरपी व आरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे।
भारत बंद का स्टेशन पर नहीं दिखा असर
अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में छात्र संगठनों की ओर से सोमवार को किए गए भारत बंद के आह्वान का रेलवे स्टेशन पर असर नहीं दिखा। जीआरपी व आरपीएफ के जवान स्टेशन परिसर में मुस्तैद रहे। वाराणसी से लखनऊ के बीच चलने वाली कुंभ सुपरफास्ट अप, डॉ. आंबेडकर नगर वीकली स्पेशल शटल अप सुपर फास्ट, बेगमपुरा अप व डाउन, मरुधर डाउन, सुहेलदेव डाउन, लोकमान्य तिलक सुल्तानपुर डाउन एक्सप्रेस पर विशेष रूप से चेकिंग की गई।
जीआरपी थानाध्यक्ष शमीम अली सिद्दीकी ने बताया कि सोमवार को भारत बंद को लेकर जारी अलर्ट की वजह से स्टेशन व ट्रेनों पर युवाओं से पूछताछ भी की गई। चेकिंग में जीआरपी के साथ ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज कुमार व उनकी टीम मौजूद रही।