करौंदीकला। अमरेमऊ स्थित बौद्ध विहार मंदिर परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक राजेश गौतम और मोस्ट पार्टी के निदेशक श्यामलाल के बीच विवाद हो गया। मंच पर पहले से ही विधायक राजेश गौतम, पूर्व विधायक भगेलूराम सहित तमाम लोग मौजूद थे। आरोप है कि इसी बीच मोस्ट पार्टी के निदेशक श्यामलाल मंच से भगवा और हिंदू धर्म पर अमर्यादित टिप्पणी करने लगे।
मौजूद विधायक राजेश गौतम ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विधायक राजेश गौतम ने बताया कि हिंदू धर्म व संस्कृति पर टिप्पणी को लेकर मामला बढ़ा था, इस तरह की बातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। श्यामलाल निषाद ने बताया कि वे आंबेडकरवादी विचारधारा के हैं। आरोप लगाया कि विधायक ने उनकी बात पूरी होने से पहले ही हाथ से माइक छीन लिया।
थाने में दी तहरीर
शनिवार शाम ग्राम प्रधान मनोज तिवारी के नेतृत्व में थाने पहुंचे लोगों ने श्यामलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर भी दी है। मनोज तिवारी, विवेकानंद उपाध्याय ने कहा कि हिंदू धर्म, भगवा संस्कृति हमारी आस्था का विषय है।