जयसिंहपुर में मेडिकल स्टोर की जांच करते एसडीएम व ड्रग इंस्पेक्टर।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। लाइसेंस के बिना मेडिकल स्टोर के साथ ही क्लीनिक का संचालन कर रहे अप्रशिक्षित को एसडीएम ने बृहस्पतिवार को आला लगाकर मरीज का उपचार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एसडीएम ने दो क्लीनिक के साथ ही एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। इसके साथ ही फर्जी डिग्री के सहारे दवाखाना चला रहे एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर अनीता कुरील और पुलिस टीम के साथ बेलहरी बाजार में संचालित श्याम मेडिकल स्टोर पर संचालक दलसिंगार बाकायदा आला लगाकार मरीजों का उपचार करता मिला। वह मरीजों को दवाएं भी दे रहा था। एसडीएम ने जब अपना परिचय बताया तो उसके हाथ-पांव फूल गए। उससे लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन की मांग की गई तो बताया कि तीन साल से वह बिना लाइसेंस के ही मेडिकल स्टोर चला रहा है। एसडीएम ने मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर को समस्त दवाओं का लेखा-जोखा तैयार करके मेडिकल स्टोर को सील करने का आदेश दिया।
इसके बाद एसडीएम टीम के साथ बेलहरी में ही दवाखाना खोलकर बैठे संजीव कुमार के पास पहुंचे। दवाखाना पर संजीव कुमार मरीजों को इंजेक्शन लगाता मिला। एसडीएम ने संजीव कुमार से चिकित्सा संबंधित कागजात मांगे तो वह कोई अभिलेख नहीं प्रस्तुत कर सका। पूछताछ में संजीव ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन के ही वह दवाखाना संचालित करता है। एसडीएम ने दवाखाना को सील करते हुए संजीव कुमार को गिरफ्तार करवा लिया।
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को श्याम मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित होता पाया गया है। मेडिकल स्टोर संचालक दलसिंगार बिना डिग्री के मरीजों का उपचार करता मिला। क्लीनिक व मेडिकल स्टोर सील कर दिया गया है। इसके साथ ही चांदसी दवाखाना के नाम से संजीव कुमार बिना डिग्री क्लीनिक चलाता मिला। छापे के दौरान संजीव कुमार अल्कोहलिक था। मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया है। क्षेत्र में कोई भी बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर अथवा बिना डिग्री के क्लीनिक चलाता मिलेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।