कादीपुर। स्थानांतरित लेखपाल के चार्ज न देने पर राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रशासन ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष व अलीपुर कांपा के लेखपाल सेतूराम का स्थानांतरण कादीपुर तहसील से लगभग एक माह पूर्व जयसिंहपुर तहसील के लिए हो गया था। स्थानांतरित लेखपाल ने अभी तक सरकारी अभिलेख का चार्ज नहीं दिया। चार्ज न देने के कारण सरकारी कार्य में बाधा पैदा हो रही थी। राजस्व निरीक्षक कादीपुर शीतला प्रसाद सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार्ज न देने के आरोप में लेखपाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। एसडीएम महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अवमुक्त कर दिए जाने व बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी लेखपाल अपना चार्ज नहीं दे रहा है, जिससे उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई है।
उधर, स्थानांतरित लेखपाल सेतूराम ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव के चलते उनका स्थानांतरण पहले बल्दीराय तहसील के लिए किया गया। बाद में उसे संशोधित कर जयसिंहपुर तहसील के लिए कर दिया गया। 21 सितंबर को उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है। उसके बाद भी बदले की भावना से उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।