शनिवार को शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भूतत्व एवं खनिकर्म मंत्री ने कन्या विद्याधन व लैपटॉप के लिए चयनित मेधावियों में से 20-20 को योजना का लाभ प्रदान किया। कहा कि अन्य मेधावियों को लैपटॉप देने के लिए जल्द ही तहसीलवार कार्यक्रम किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम अचानक निरस्त होने की स्थिति में कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि भू-तत्व एवं खनिकर्म मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के हाथों कन्या विद्याधन व लैपटॉप का वितरण कराया गया। कार्यक्रम में खनन मंत्री ने 531 छात्राओं के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से धन भेजने के बाद 20 छात्राओं को उसकी अंतरण स्लिप दी।
कार्यक्रम के दौरान लैपटॉप के लिए चिह्नित हाईस्कूल के 237 व इंटरमीडिएट के 237 लाभार्थियों में से हाईस्कूल के 137 मेधावियों को लैपटॉप दिया गया। कार्यक्रम को मंत्री के अलावा गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, जगदीशपुर विधायक राधेश्याम धोबी, डीएम जगतराज त्रिपाठी व एसपी हीरालाल ने भी संबोधित किया।
कन्या विद्याधन के लिए बनाई गई 531 मेधावियों की सूची में मंत्री गायत्री प्रसाद की पुत्री अंकिता प्रजापति का भी नाम था। बताया गया कि अंकिता को वर्ष 2014 की इंटरमीडिएट परीक्षा में 86.5 प्रतिशत अंक मिले थे। हालांकि कार्यक्रम में अंकिता मौजूद नहीं रहीं। इस दौरान शिवप्रताप इंटर कॉलेज अमेठी से आई छात्रा अंजलि वर्मा ने मंत्री से कन्या विद्याधन का लाभ दिलाने की मांग की। छात्रा की मांग पर मंत्री ने डीआईओएस से विचार करने को कहा।
समारोह में काबीना मंत्री ने पूर्व सीएम मायावती को निशाने पर लिया। मंत्री ने कहा कि मायावती बच्चों का दर्द नहीं समझतीं। कन्या विद्याधन को मुलायम सिंह यादव की सरकार ने शुरू किया था, जिसे मायावती ने बंद कर दिया था। सपा की दोबारा सरकार आने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस योजना को फिर शुरू किया।