धम्मौर। सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे पर महेशरगंज बस स्टॉप के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार कोतवाली देहात के करोमी निवासी मजदूर सुरेंद्र पाल (34) की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना मंगलवार रात करीब 08:30 बजे हुई। परिजनों के अनुसार वह बाइक से अकेले अमेठी जिले के टिकरी गांव स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए निकले थे। महेशरगंज बस स्टॉप के निकट पहुंचते ही वह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट नहीं पहने होने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां पर उनकी मौत हो गई। धम्मौर थाने के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन के बारे में पता नहीं चल सका है, रास्ते के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
दुर्घटना में घायल किसान ने दम तोड़ा
भदैंया। धरौली चौराहे के पास 20 अक्तूबर को कार की चपेट में आने से घायल स्थानीय निवासी किसान घनश्याम बरनवाल (50) की बुधवार भोर लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह बेकाबू कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। मंगलवार रात वहां पर उनका ऑपरेशन हुआ था। बुधवार सुबह अचानक उनकी मौत हो गई। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)