बल्दीराय। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डीह गांव के पास मंगलवार रात करीब नौ बजे कानपुर से बिहार जा रहा आलू-प्याज लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पर सवार चालक बच गया। उन्नाव के करनैपुर निवासी चालक कुंदन सिंह ने बताया कि कानपुर से ट्रक पर प्याज व आलू लोड करके बिहार के सिवान जाने के लिए निकला था। रास्ते में दुर्घटना हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद यूपीडा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। बल्दीराय थाने के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(संवाद)