कूरेभार/दूबेपुर। तेज हवा और बारिश से सोमवार शाम पयागीपुर से कूरेभार के बीच एचटी लाइन में फॉल्ट आने से कूरेभार और धनपतगंज उपकेंद्र ठप हो गए। दोनों उपकेंद्रों से जुड़े सभी फीडरों की आपूर्ति बाधित होने से ऐनपुर, पुरखीपुर, दखिनवारा, पटना, इरुल समेत 100 से अधिक गांवों में अंधेरा छा गया।
अवर अभियंता रवींद्र तिवारी ने बताया कि लोलेपुर के पास फॉल्ट मिला है। लाइनमैन उसे ठीक करने के साथ लाइन की जांच में जुटे हैं। फॉल्ट दूर होने के बाद ट्रायल लेकर आपूर्ति सामान्य की जाएगी।
तेज हवा से शाम 3:45 बजे टीपीनगर उपकेंद्र की एचटी इनकमिंग लाइन फेल हो गई। इससे कांशीराम, नारायणपुर, गभड़िया और प्लाई फैक्टरी फीडर आधे घंटे बंद रहे। पयागीपुर, अमहट, दूबेपुर समेत कई इलाकों के करीब पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। अवर अभियंता प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि हवा शांत होने के बाद शाम 4:15 बजे उपकेंद्र के चारों फीडरों का संचालन सामान्य हो गया। शाम 4:15 बजे आपूर्ति बहाल हो गई।
आज पांच घंटे बंद रहेगा कादीपुर उपकेंद्र
कादीपुर। उपकेंद्र पर मरम्मत के चलते मंगलवार सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक आपूर्ति बंद रहेगी। जिससे करौंदीकला, गंगापुर, दियरा, उघड़पुर, तहसील, अलीपुर, आईपीडीएस और सूरापुर फीडर प्रभावित होंगे। अधिशासी अभियंता एसके चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्गापूजा के मद्देनजर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। संवाद