कादीपुर। दौलतपुर कजियानी बाग में खाली पड़े अनाथालय में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्टरी पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को मौके से एक कमरे में 10 बोरे निर्मित व अर्द्ध निर्मित पटाखे के साथ ही बड़ी मात्रा में बारूद भी मिला है। पुलिस ने मौके से कादीपुर कस्बे के जवाहर नगर निवासी नईम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि शनिवार को दौलतपुर के कजियानी बाग में एक खाली पड़े अनाथालय में अवैध पटाखा फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा तो अनाथालय के एक कमरे में 10 बोरे पटाखे मिले। इसमें अर्ध निर्मित सुतली बम, निर्मित बम सहित अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है। पटाखों के अलावा बड़ी मात्रा बारूद, रस्सी, चकरी, गत्ते, खाली बोरियां व पटाखे बनाने के कुछ उपकरण भी मिले हैं।
पटाखों के साथ पकड़े गए आरोपी नईम ने पुलिस को बताया कि वह लोगों की निगाह से छिपकर अनाथालय परिसर में दिवाली पर बिक्री के लिए अवैध तौर से पटाखा बनाने का काम कर रहा था। पूछताछ के बाद पुलिस उसके मददगारों की तलाश में जुटी है। आरोपी के पास से पटाखा बनाने अथवा बिक्री करने का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।