भदैंया। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर खुशहालपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात वाहनों की चेकिंग करते समय पुलिस कर्मी हरेंद्र प्रताप यादव की मैजिक वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस मामले में शनिवार को सचल दल प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली देहात थाने में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि कांस्टेबल हरेंद्र प्रताप देवरिया जिले के खुखुंदू के वीरपुर मिश्रा ने गांव के रहने वाले थे। वह शुक्रवार रात राज्य कर विभाग के राज्य कर विभाग की सचल दल प्रभारी सोनम राय व चालक मोहम्मद तसलीम के साथ जीप से खुशहालपुर गांव के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान एक मैजिक वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर घायल हो गए थे।
इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाने के बाद उनकी मौत हो गई। सचल दल प्रभारी सोनम राय की तहरीर पर मैजिक वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक के वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
परिजनों ने सचल दल प्रभारी पर लगाया आरोप
दुर्घटना की जानकारी पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे सिपाही हरेंद्र के छोटे भाई सत्येंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में सत्येंद्र ने आरोप लगाया कि राज्य कर की सचल दल प्रभारी ने दुर्घटना में गंभीर घायल होने के बाद भी उनके भाई को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती नहीं कराया। उनके भाई को एक राहगीर ने मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पहुंचाया।
राज्य कर उपायुक्त लोहितेश श्रीवास्तव ने बताया कि आरोप निराधार है। सचल दल प्रभारी सोनम राय दुर्घटना के बाद दूसरे वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंची थीं। उनकी तहरीर पर कोतवाली देहात थाने में केस दर्ज किया गया है। हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ है। विभागीय स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी।