सुल्तानपुर। भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी की फेसबुक आईडी से एक विवादित पोस्ट वायरल हो गई है। विधायक का कहना है कि उनकी फेसबुक आईडी हैक हो गई है। वे इस मामले में विधिक कार्रवाई करेंगे।
भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी की आईडी से शनिवार की देर रात सपा, बसपा और कांग्रेस का ब्राह्मण राजनीति से जुड़ा हुआ विवादित कार्टून पोस्ट किया गया था। कार्टून में सपा, बसपा और कांग्रेस की तरफ से एक व्यक्ति को ब्राह्मण दिखाते हुए रस्सी के सहारे उसे अपनी तरफ खींचने की कोशिश का चित्रण किया गया है। इस कार्टून के साथ धार्मिक बात भी कही गई। यह पोस्ट वायरल होने के बाद विधायक के विरोधी खेमे ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया है। सोशल साइट पर विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी शुरू हो गई है। दावा किया जा रहा है कि इस पोस्ट से धार्मिक भावना आहत हुई है। उधर, भाजपा विधायक ने एक वीडियो जारी करके कहा है कि उनकी आईडी हैक कर ली गई थी। हैक आईडी से यह पोस्ट वायरल हुई है। वे पुलिस की मदद से हैकर के खिलाफ विधिक कार्रवाई करेंगे।