इसके बाद आउट ऑफ स्कूल बच्चों को नजदीक के विद्यालय में नामांकन कराते हुए उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। शत-प्रतिशत साक्षरता दर करने के लिए हाउस होल्ड सर्वे कराकर निराक्षर व पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों का चिह्नांकन किया जाएगा।
इसके लिए एक से 20 अप्रैल तक हाउस होल्ड सर्वे होगा। सर्वे के दौरान तीन से 14 वर्ष के सभी बच्चों का चिह्नांकन किया जाएगा। इसमें आयुवार बच्चों का बकायदा रजिस्टर बनेगा।
रजिस्टर में स्कूल जाने वाले और न जाने वाले सभी तरह के बच्चों की सूचनाएं दी जाएंगी। इसके बाद स्कूल न जाने वाले बच्चों का चिह्नांकन करते हुए उनका नामांकन कराया जाएगा।
यदि किसी बच्चे ने कक्षा एक, दो की पढ़ाई के बाद स्कूल छोड़ दिया होगा तो उसके आयुवर्ग वाले बच्चों की कक्षा में उसका नामांकन होगा। इसके लिए उसे विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला समन्वयक ऊषा शुक्ला ने बताया कि सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराया जा सके इसके लिए हाउस होल्ड सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे का कार्य प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में शिक्षक व शिक्षामित्र करेंगे।
यह कार्य स्कूल समय के बाद किया जाएगा। शासन का आदेश है कि सर्वे के कारण किसी भी तरह से पठन-पाठन प्रभावित न हो पाए।