सुल्तानपुर। एमडीएम की हकीकत जानने बुधवार को प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों के निरीक्षण में अधिकारियों की टीम निकली। निरीक्षण के बाद मिली रिपोर्ट में शिक्षा विभाग ने करीब 87 फीसदी विद्यालयों में मेन्यू के मुताबिक एमडीएम के संचालन का दावा किया है। 302 विद्यालयों में मेन्यू के मुुताबिक भोजन नहीं मिलने पर संबंधित हेड मास्टर व ग्राम प्रधान को नोटिस जारी की जा रही है।
डीएम के निर्देश पर बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एमडीएम का निरीक्षण करवाया। निरीक्षण के लिए गठित 288 अधिकारियों की टीम ने सुबह से लेकर दोपहर तक 2447 विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 302 विद्यालयों में एमडीएम पटरी पर नहीं मिला। बुधवार को मेन्यू में कोफ्ता, चावल व दूध शामिल था।
पर, कहीं कढ़ी व चावल तो कहीं चावल व कोफ्ता तो कहीं दूसरा भोजन मिला। शाम को बेसिक शिक्षा विभाग ने 2447 विद्यालयों के सापेक्ष 2145 विद्यालयों में मेन्यू के मुताबिक एमडीएम बनने का दावा किया है। 302 विद्यालयों मरें मेन्यू के मुताबिक भोजन नहीं मिलने पर संबंधित ग्राम प्रधान व हेड मास्टर को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने का निर्णय लिया हैं।