सुल्तानपुर। जिले में लूट, हत्या और छिनैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी/एसपी ने मातहतों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक में तल्ख तेवर दिखाते हुए डीआईजी ने सभी थानाध्यक्षों को शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने को कहा।
डीआईजी/एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले के थानाध्यक्षों और क्षेत्राधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। उन्होंने कहा कि लूट, नकबजनी व वाहन चोरी की लंबित घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए। लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि जिले में जो भी शातिर अपराधी हैं, उन्हें चिह्नित करके तत्काल उनकी हिस्ट्रीशीट खोलें। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर हाथ पर हाथ धरे न बैठें बल्कि संबंधित अपराधी के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी करें। थानों पर आने वाली जनशिकायतों की त्वरित व निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करें। थानों पर आने वाले फरियादी के साथ पुलिस का व्यवहार मित्रवत होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन दिनों चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। इससे स्पष्ट होता है कि रात में पुलिस सही ढंग से गश्त नहीं कर रही है। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने सर्किल में रात्रि गश्त करने वाली टीम की जांच करें। बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। क्राइम मीटिंग में सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ल, सीओ सिटी राधवेंद्र चतुर्वेदी, सीओ कादीपुर डॉ. राधेश्याम व सीओ बल्दीराय समेत थानों के प्रभारी मौजूद रहे।