पयागीपुर से अहिमाने तक फोरलेन मार्ग पर लगीं लाइटें।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज फोरलेन हाईवे पर करीब एक करोड़ रुपये से रोड लाइटें लगाने के बाद भी अंधेरा कायम है। करीब डेढ़ वर्ष पहले लगाई गईं लाइटों से एक बार भी फोरलेन रोशन नहीं हुआ। अभी तक रोड लाइट का मामला विद्युतीकरण की प्रक्रिया में उलझा है। इसकी वजह से रोड लाइटों के खराब होने की भी आशंका जताई जा रही है।
अयोध्या-प्रयागराज हाईवे को पयागीपुर से लेकर अहिमाने तक नेशनल हाईवे ऑफ इंडिया (एनएएच) ने फोरलेन बनाया है। फोरलेन हाईवे पर करीब सवा तीन किमी. तक रोड लाइट लगाई गई हैं। रोड लाइटें लगाने का कार्य नेशनल हाईवे की ओर से चयनित फर्म ने करीब डेढ़ वर्ष पहले करवा दिया था। रोड लाइट लगाने के काम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुआ। सूत्रों के मुताबिक एक स्ट्रीट लाइट लगाने पर करीब एक लाख रुपये का खर्च आया है। स्ट्रीट लाइटों पर इतनी धनराशि खर्च के बाद भी रात में आवागमन करने वालों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके पीछे एनएएच के अधिकारियों की ओर से रोड लाइट के लिए आज तक बिजली का कनेक्शन नहीं करवाया जाना बताया जा रहा है।
अधिकारियों ने लाइटें लगाने के बाद बिजली कनेक्शन का कार्य प्रक्रिया में डाल कर पत्रावली को ठंडे बस्ते में डाल दिया। बिजली कनेक्शन नहीं होने से रोड पर लगी लाइट बेकार साबित हो रही हैं। इस पर खर्च सरकारी धनराशि बेकार होने की स्थिति में पहुंच गई है। अयोध्या-प्रयागराज नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाए जाने के बाद पयागीपुर से अहिमाने कस्बे तक करीब सवा तीन किमी. की दूरी में 104 लाइटें लगवाई गई हैं लेकिन बिजली आज तक नहीं उपलब्ध कराई जा सकी।
नगर पालिका व ग्राम पंचायत पर बिल भुगतान का जिम्मा
एनएएच के अधिकारियों के मुताबिक रोड लाइटों के बिजली बिल का भुगतान शहरी क्षेत्र में नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित ग्राम पंचायत की ओर से किया जाना है। हालांकि बिजली कनेक्शन कराने का जिम्मा एनएएच का है।
एक सप्ताह में कराया जाएगा बिजली कनेक्शन
एनएएच के सहायक अभियंता एके मिश्रा ने बताया कि रोड लाइट के लिए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया की वजह से विलंब हुआ है। विद्युतीकरण कराने का पैसा विद्युत वितरण खंड में जमा किया जा चुका है। अभी तक नगर पालिका व संबंधित ग्राम पंचायत से बिल भुगतान का मामला फाइनल नहीं हो सका है। एक सप्ताह में प्रकरण का निस्तारण कराकर बिजली का कनेक्शन करा दिया जाएगा।