सुल्तानपुर। ईद-उल-फितर का त्योहार मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास से मनाया गया। सुबह ईदगाह में ईद की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। घर न पहुंच पाने वाले रिश्तेदारों व दोस्तों को मोबाइल और एसएमएस के माध्यम से ईद की बधाई दी गई। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
सोमवार की रात चांद की तस्दीक होने के बाद ही जिले में ईद की तैयारियां शुरू हो गई थीं। त्योहार को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा। ईद की सुबह से ही शहर व ग्रामीण अंचल के ईदगाह गुलजार रहे। मंगलवार को सुन्नी समुदाय के लोग शहर के नवीपुर मोहल्ले में स्थित ईदगाह मैदान पर जुटे।
चौक स्थित जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने सुबह नौ बजे लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने मुल्क में खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद बड़े व बच्चे सभी नई पोशाक में एक-दूसरे के गले मिल ईद की बधाइयां देने लगे।
शहर के बाधमंडी व शाहगंज चौराहे पर मेले जैसा माहौल रहा। मेले में गुब्बारे व खिलौने पाकर बच्चों ने भी ईद का लुत्फ उठाया। चाय-पान की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ जुटी रही। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर व कस्बों में शाम ढलते ही पुुरुष व महिलाओं का समूह निकल पड़ा।
लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सिंवइयां खाईं और ईद की बधाई दी। दूसरे समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम दोस्तों के घर पहुंचकर मुबारकबाद दी। ईद को लेकर बच्चों व युवाओं में खासा उत्साह दिखा। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
कुड़वार ब्लॉक के पूरे फैजू खान डोमनपुर गांव में कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष बाद ईद के अवसर पर लोगों में उल्लास और खुशी दिखाई दी। सपा नेता मेराज अहमद एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कुड़वार ब्लॉक अध्यक्ष/जिला प्रवक्ता निजाम खान ने ईदु-उल-फितर की नमाज अदा करने के बाद गांव में ईद मिलने वाले लोगों के लिए सिंवई व जलपान की व्यवस्था की। साथ ही मंगलवार व्रत रहने वाले अतिथियों के लिए फल और मिष्ठान की व्यवस्था की थी। निजाम खान ने कहा कि दो साल बाद रमजान और ईद का भरपूर मजा आया।