सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी को लेकर शहर में किए गए संपूर्ण लॉकडाउन से बुधवार से व्यवसाइयों को निजात मिल सकेगी। बुधवार से नंबर के हिसाब से दुकानें शहर व नगर पंचायत क्षेत्रों में संचालित हो सकेंगी। डीएम ने मंगलवार को दुकानों के संचालन के संबंध में अनुमति आदेश जारी कर दिया है। फिलहाल कंटेनमेंट जोन व हॉट स्पॉट जोन में यह आदेश प्रभावी नहीं होगा।
जिलाधिकारी सी. इंदुमती की ओर से जारी आदेश के मुताबिक कंटेनमेंट व हॉट स्पॉट जोन में पूर्व की तरह बंदी रहेगी। दोनों जोन में सिर्फ सामानों की होम डिलीवरी ही हो सकेगी। अन्य क्षेत्रों में सप्ताह में पांच दिन दुकानों का संचालन रोस्टर के हिसाब से हो सकेगा।
इसके लिए डीएम के निर्देश पर प्रशासन ने शहर व नगर पंचायतों की दुकानों पर नंबरिंग की है। दुकानों पर एक व दो नंबर लिखे गए हैं। आदेश के अनुसार नंबर की दुकानों का संचालन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार व नंबर दो की दुकानों व प्रतिष्ठान का संचालन मंगलवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को हो सकेगा।
सप्ताह में पांच दिन दुकानों के संचालन में शुक्रवार ही ऐसा दिन होगा, जिस दिन सभी प्रकार की दुकानें व प्रतिष्ठान खुल सकेंगे। प्रत्येक शनिवार व रविवार को शासन के आदेश के मुताबिक लॉकडाउन रहेगा। दोनों दिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की दुकानें संचालित नहीं हो सकेंगी।
अनुमति आदेश जारी करते हुए डीएम ने खराब होने वाली वस्तुओं में शामिल फल, सब्जी, अंडा, दूध आदि की दुकानों के रोजाना संचालन की इजाजत दी है। यह आदेश 31 अगस्त तक ही प्रभावी रहेगा। दुकानों व प्रतिष्ठानों के संचालन का आदेश जारी करते हुए डीएम ने दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना की गाइडलाइन के अनुपालन का निर्देश दिया है।
साथ ही दुकान पर बिना मास्क के आने वाले ग्राहकों को सामान नहीं देने का आदेश दिया है। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। मंगलवार को दुकानों के संचालन के संबंध में आदेश जारी होने के बाद लगातार 26 दिनों से बंदी की मार झेल रहे दुकानदारों को राहत मिल गई है। हालांकि कंटेनमेंट व हॉट स्पॉट के जोन में आ रहे व्यवसाइयों के संबंध में यह आदेश प्रभावी नहीं होने से उन्हें अपने व्यवसाय को लेकर चिंता सता रही है।
डीएम सी. इंदुमती ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के साथ आर्थिक व वाणिज्यिक गतिविधियों के संचालन की कार्ययोजना बनाई गई है। इसके मुताबिक ही दुकानों व प्रतिष्ठानों के संचालन की अनुमति दी गई है। प्रशासन की कोशिश कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के साथ आर्थिक व वाणिज्यिक गतिविधियों के संचालन की भी है।