फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तालाब से पकड़ा चार फीट लंबा मगरमच्छ

विज्ञापन
विज्ञापन
विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र बल्दीराय अंतर्गत शारदा सहायक खंड-16 की नहर में करीब पखवाड़े भर से दिख रहा मगरमच्छ आखिरकार बुधवार को गिरफ्त में आ गया। मगरमच्छ के बल्दीराय बाजार के पास स्थित एक तालाब में होने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया। मगरमच्छ की लंबाई चार फीट से अधिक बताई जा रही है। मगरमच्छ को वन कर्मी रेंज कार्यालय लेकर चले गए।
विज्ञापन

करीब पखवाड़े भर से क्षेत्र से गुजरी शारदा सहायक खंड-16 की नहर में एक मगरमच्छ ग्रामीणों को दिखाई दे रहा था। मगरमच्छ कई बार नहर की पटरी व मार्ग तक आ जाता था। आठ मार्च को ग्रामीणों की सूचना पर बल्दीराय-हरौरा संपर्क मार्ग पर वन कर्मियों की टीम ने नहर व आसपास के क्षेत्रों में मगरमच्छ की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहते हुए मगरमच्छ के दिखाई देने पर सूचित करने को कहा था।
बुधवार को बल्दीराय बाजार के पास से गुजरी नहर से निकलते समय मगरमच्छ को कुछ ग्रामीणों ने देख लिया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को दी। वन विभाग की टीम जब तक मौके पर पहुंचती, मगरमच्छ पास स्थित एक तालाब में घुस गया। वन दारोगा बृजेश यादव व दिवाकर पांडेय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने उस तालाब को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद मगरमच्छ को निकालने के लिए जाल व रस्सी का प्रयोग किया गया।
विज्ञापन

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया गया। रस्सी व जाल के सहारे उसे तालाब से बाहर निकाला गया। मगरमच्छ की लंबाई चार फीट से अधिक बताई जा रही है। मगरमच्छ को वाहन पर लादकर रेंज कार्यालय सुल्तानपुर पहुंचाया गया। वन दरोगा ने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर मगरमच्छ को किसी नदी में छोड़वाने की व्यवस्था की जाएगी।
मगरमच्छ को पकड़ने में राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सदाशिव, ओम प्रकाश यादव, चौकी प्रभारी देहली बाजार हरिश्चंद्र, विजय कुमार, सूर्यभान, विवेक मोदनवाल, मनोज, राम सुंदर तिवारी व घनश्याम अग्रहरि का सहयोग रहा। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें