जनवरी माह में संभावित कोहरे व धुंध के मद्देनजर रेल महकमे ने लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर चलने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों को सप्ताह में एक या दो दिन तथा जनता व हरिद्वार एक्सप्रेस का संचालन 50 दिन के लिए निरस्त कर दिया है। 50 दिन के लिए निरस्त दोनों जोड़ा ट्रेनों का संचालन अब 28 फरवरी से शुरू किया जाएगा।
जनवरी माह में संभावित कोहरे व धुंध की संभावना को देखते हुए रेल महकमे ने लखनऊ-वाराणसी रैल ट्रैक पर कई ट्रेनों का संचालन पूर्ण रूप से अथवा एक या दो दिन बंद करने का आदेश दिया है। रेलवे की ओर से जिन दो जोड़ा ट्रेनों को आठ जनवरी से 28 फरवरी तक के लिए निरस्त किया गया है उनमें वाराणसी से देहरादून के बीच चलने वाली अप व डाउन जनता एक्सप्रेस तथा इलाहाबाद से हरिद्वार के बीच चलने वाली अप व डाउन हरिद्वार एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा हावड़ा से अमृतसर के बीच चलने वाली अप पंजाब मेल मंगलवार व शुक्रवार तथा अमृतसर से हावड़ा जाने वाली डाउन पंजाब मेल गुरुवार व रविवार को नहीं चलेगी।
इसी तरह प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली अप इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार तो कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शनिवार को नहीं होगा। वाराणसी से लखनऊ तक जाने वाली अप इंटरसिटी एक्सप्रेस शुक्रवार को तथा लखनऊ से वाराणसी जाने वाली डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस गुरुवार को नहीं चलेगी। प्रतापगढ़ से दिल्ली व दिल्ली से प्रतापगढ़ के बीच चलने वाली अप व डाउन पद्मावत एक्सप्रेस क्रमश: गुरुवार व रविवार, वाराणसी से दिल्ली तक जाने वाली अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस मंगलवार तो दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली डाउन काशी विश्वनाथ बुधवार को नहीं चलेगी।
प्रयाग से बरेली के बीच चलने वाली अप व डाउन पैसेंजर का संचालन क्रमश: सोमवार व शुक्रवार को निरस्त किया गया है। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह व पंकज सिंह ने बताया कि इन सभी ट्रेनों का संचालन 28 फरवरी से दोबारा नियत समय पर शुरू होगा।